कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की तारीफ की। उन्होंने ट्वीट किया- ''भाजपा में सिर्फ एक नेता में दम है। कृपया राफेल डील, किसानों के मुद्दे और संस्थानों को बर्बाद करने पर भी टिप्पणी करें।'' दरअसल, गडकरी ने कहा था कि भाजपा कार्यकर्ताओं को पहले अपनी घरेलू जिम्मेदारियां निभानी चाहिए, क्योंकि जो ऐसा नहीं कर सकता, वो देश का ध्यान नहीं रख सकता।
शनिवार को नागपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यक्रम में गडकरी ने कहा, ''मैं कई लोगों से मिला, जो कहते हैं कि हमने अपना जीवन भाजपा और देश के लिए समर्पित कर दिया। तब मैंने पूछा तुम क्या करते हो और घर में सब कैसे हैं। उसने कहा कि दुकान ठीक नहीं चल रही थी तो मैंने उसे बंद कर दिया। घर में पत्नी और बच्चे हैं। फिर मैंने उससे कहा कि पहले अपना घर और बच्चों को संभालो। इसके बाद पार्टी और देश के लिए काम करो।''
बयानों के जरिए भाजपा पर निशाना साध रहे कांग्रेसी
राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस के कई नेता गडकरी के बयानों को लेकर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साध चुके हैं। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कुछ दिन पहले कहा था- ''गडकरी के मुताबिक, वादे पूरे नहीं करने पर जनता नेताओं को पीटती है, उस वक्त उनके टारगेट पर नरेंद्र मोदी और नजरें प्रधानमंत्री की कुर्सी पर थीं।'' इससे पहले दिसंबर में गडकरी ने पुणे के कार्यक्रम में कहा था कि नेतृत्व को हार की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उनका ये बयान तीन राज्यों के विधानसभा चुनावों में भाजपा की हार के बाद आया था।
26 जनवरी पर गडकरी के साथ बैठे थे राहुल
इस बार के गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान नितिन गडकरी और राहुल गांधी आगे की पंक्ति में साथ बैठे थे और चर्चा करते नजर आए थे। पिछले महीने आए दो बयानों में गडकरी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू की तारीफा की थी।
भाजपा चोर पार्टी है, हम नहीं- ममता
ममता बनर्जी ने कहा, ''देश नरेंद्र मोदी से परेशान हो चुका है। आज इमरजेंसी से भी बुरे हालात हैं। हमारा धैर्य जवाब दे रहा है। केंद्र सरकार सीबीआई पर कार्रवाई का दबाव डाल रही है। मोदी ने सीबीआई से कहा है कि कुछ तो करो।"
"भाजपा चोर पार्टी है हम नहीं। कोलकाता में हमारी रैली के बाद मोदी और अमित शाह हमारे पीछे पड़ गए हैं। भाजपा की एक्सपायरी डेट करीब है।''
''पुलिस कमिश्नर के घर पर छापेमारी अजीत डोभाल के इशारे पर की गई। राजीव कुमार दुनिया के बेहतरीन पुलिस अफसर हैं। चिटफंड घोटाले में हमने जांच की, गिरफ्तारियां भी हुईं। सीबीआई टीम बिना वारंट के पुलिस कमिश्नर के घर पहुंची थी।''
''मेरा काम सबको सुरक्षा देना है। मोदी के खिलाफ हमें एक होना है। मोदी को हटाकर देश बचाओ। आज देश के संघीय ढांचे और संविधान पर हमला किया जा रहा है। मैं लोकतंत्र को बचाने के लिए धरने पर बैठूंगी। कल विधानसभा में बजट भी पेश नहीं करूंगी।''
केंद्र-बंगाल में 3 महीने में 3 बार टकराव
16 नवंबर 2018: सीबीआई को राज्य में जांच से रोका
ममता ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह सीबीआई और दूसरी एजेंसियों का इस्तेमाल अपने फायदे के लिए कर रही है। ममता सरकार ने प. बंगाल में सीबीआई को जांच करने से रोक दिया। डीएसपीई एक्ट के मुताबिक, सीबीआई को राज्यों में जाकर जांच करने का अधिकार है, लेिकन इसके लिए आम सहमति जरूरी होती है।
6 दिसंबर 2018: ममता ने भाजपा को रथ यात्रा की इजाजत नहीं दी
प. बंगाल सरकार ने राज्य का माहौल बिगड़ने का हवाला देते हुए भाजपा को रथ यात्रा की इजाजत नहीं दी। इस फैसले के खिलाफ भाजपा कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंची। यहां सिंगल बेंच ने भाजपा को रथ यात्रा की इजाजत दी, लेकिन डिवीजन बेंच ने इस फैसले को पलट दिया। इसके बाद भाजपा सुप्रीम कोर्ट पहुंची। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि भाजपा रथ यात्रा के लिए रिवाइज्ड प्लान करे। अदालत ने ममता सरकार से कहा कि भाजपा को जनसभा और रैलियों की इजाजत दी जाए।
29 दिसंबर 2018: डेटा शेयरिंग से ममता का इनकार
ममता बनर्जी ने राज्य के सभी विभागों से कहा कि वे केंद्र के साथ डेटा शेयर ना करें। उन्होंने कहा कि केंद्र राज्य को नियंत्रित करने के लिए इस डेटा का इस्तेमाल कर रहा है और यह संघीय ढांचे में दखल है। ममता सरकार ने आयुष्मान भारत समेत केंद्र की कई योजनाएं भी प. बंगाल में लागू नहीं कीं।
योगी का हेलिकॉप्टर नहीं उतरने दिया
दक्षिणी दिनाजपुर जिले में रविवार को उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यानाथ की गणतंत्र बचाओ रैली होनी थी। लेकिन, राज्य सरकार ने पूर्व सूचना के बगैर योगी के हेलिकॉप्टर उतारने की मंजूरी रद्द कर दी। इसके चलते सीएम योगी रैली में नहीं पहुंच पाए। इसके बाद उन्होंने फोन और ऑडियो लिंक के जरिए लोगों को संबोधित किया।
No comments:
Post a Comment